Monday, August 15, 2011

इस हार का दोष ढलती उम्र को मत दीजिए

भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे पर अब तक वाकई शर्मनाक प्रदर्शन किया है। तीन टेस्ट और तीनों में एकतरफा हार। दो अभ्यास मैचों में भी टीम बैकफुट पर रही। आखिर क्या है इस हार का कारण। आईपीएल, थकान, अभ्यास की कमी या ढलती उम्र। मेरी नजर में कम से कम ढलती उम्र तो कोई कारण नहीं है।

ऐसा नहीं है कि इस दौरे पर सिर्फ वे खिलाड़ी फ्लॉप रहे हैं जिनकी उम्र 37 साल से ज्यादा है। 30 से कम के रैना, युवराज, मुकुंद, गंभीर, श्रीसंत, इशांत भी बेअसर रहे। सिर्फ एक खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर पाया और उसकी उम्र टीम में सबसे ज्यादा है। जी हां राहुल द्रविड़। उम्र अगर कारण होती तो द्रविड़ सबसे बड़े फ्लॉप साबित होते। वैसे भी आठ महीने पहले ही इन्हीं उम्रदराज खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका में शानदार प्रदर्शन किया था।

तो हार का कारण क्या है? सबसे बड़ा कारण है वर्ल्ड कप की जीत। जी हां। याद कीजिए इंग्लैंड की 2005 एशेज जीत को। और यह भी याद कीजिए कि उसके बाद क्या हुआ था। इंग्लैंड 1986 के बाद एशेज नहीं जीत पाया था और जब 19 साल बाद कामयाबी हाथ लगी तो लगा सब कुछ पा लिया। कुछ पाने को और बचा ही नहीं। अगले कुछ महीने इंग्लैंड की टीम खूब हारी। ऐसा ही हुआ है भारत के साथ। 28 साल बाद विश्व कप जीता है। लगा कि जीतने के लिए कुछ बचा ही नहीं। बतौर टीम भारत ने सर्वोच्च लक्ष्य हासिल कर लिया। बहुत लंबा इंतजार समाप्त हो गया। इसके बाद कुछ अच्छा करने की प्रेरणा खत्म हो गई। गनीमत है कि वेस्टइंडीज की टीम काफी कमजोर है। अगर उसमें थोड़ा भी दम होता तो हकीकत वहीं नजर आ जाती।

वर्ल्ड कप जीत के बाद इंग्लैंड में हार का दूसरा सबसे बड़ा कारण है इंग्लैंड को कम आंकना। तभी तो इस सीरीज से पहले कई खिलाड़ी ब्रेक पर थे। सचिन विम्बलडन देख रहे थे तो धौनी भी छुट्टी पर थे। सहवाग और गंभीर चोटिल थे कुछ खास नहीं कर सकते थे। किसी की तैयारी मुकम्मल नहीं थी। आधी-अधूरी तैयारी के बल पर इस इंग्लैंड टीम से मुकाबला तो नहीं ही किया जा सकता था। साथ ही सीरीज शुरू होने से पहले अभ्यास मैच भी सिर्फ एक मिला।

जहां तक आईपीएल का सवाल है तो उसे उतना ही जरूरी मानिए जितना अखबार में विज्ञापन। पत्रकार इसे अब कटु सत्य मानकर काम करते हैं। वहीं क्रिकेटर आईपीएल को शहद जैसा सच मानकर खेलते हैं। आईपीएल को गाली देने से कुछ नहीं मिलने वाला। यह जारी रहने वाला है। चाहे कितनी भी सीरीज हारें।

ब्लोग्वानी

www.blogvani.com